पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज पौड़ी गढ़वाल दौरे पर पहुंचे और नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह फेस्टिवल पौड़ी जनपद के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक धरोहर और साहसिक पर्यटन को नई पहचान देगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगा।

पहाड़ी क्षेत्रों के विकास पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों, में विकास कार्यों को गति दे रही है। उनका उद्देश्य विकास के लाभ को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य जारी है। खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण हो रहा है।
बुनियादी ढांचा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
सीएम ने कहा कि पौड़ी के पुराने कलेक्ट्रेट भवन का संरक्षण हेरिटेज भवन के रूप में किया जा रहा है। कोटद्वार में 50 बेड का आधुनिक चिकित्सालय बन रहा है। पौड़ी में प्रदेश की पहली एनसीसी एकेडमी का निर्माण भी जारी है। इसके साथ ही कोटद्वार में 11 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मालन नदी पर सड़क पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
एडवेंचर फेस्टिवल से पर्यटन को बढ़ावा
नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल में माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, ट्रेल रनिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फेस्टिवल से पौड़ी क्षेत्र का पर्यटन और तीर्थाटन दोनों बढ़ेंगे। लैंसडौन, ताड़केश्वर, देवप्रयाग, पौड़ी, मुंडेश्वर और भैरव गढ़ी के बीच का यह क्षेत्र अब एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में उभर रहा है।