Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
रुद्रपुर। पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेले के उद्घाटन समारोह में अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती संघर्षों को याद किया। संबोधन के दौरान उन्होंने काशीपुर बाईपास पर लगने वाले ‘रस्तोगी राजमा चावल’ ठेले का जिक्र करते हुए बताया कि जब वे युवा मोर्चा की राजनीति में सक्रिय थे और आर्थिक संसाधन सीमित थे, तब वहीं भोजन किया करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में बड़े होटलों में खाना खाने की स्थिति नहीं होती थी, इसलिए वे राजाराम रस्तोगी के ठेले पर 10 रुपये में मिलने वाली एक प्लेट राजमा चावल से ही अपना पेट भरते थे। उन्होंने रुद्रपुर से अपने गहरे जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि ठेले के संचालक राजाराम रस्तोगी भी समारोह में उपस्थित हैं। यह सुनते ही मुख्यमंत्री ने उन्हें मंच पर बुलाया, हाथ मिलाकर सम्मानित किया। मंच पर मुलाकात के दौरान राजाराम रस्तोगी भावुक हो गए और मुख्यमंत्री को दोबारा अपने ठेले पर आने का निमंत्रण दिया। सीएम धामी ने जल्द आने का आश्वासन भी दिया।
राजाराम रस्तोगी ने बताया कि मुख्यमंत्री जब युवा राजनीति में सक्रिय थे, तब से उनके ठेले पर आते रहे हैं। प्रदेश की कमान मिलने के बाद भी वे अचानक उनके ठेले पर पहुंचे थे, जो उनके लिए अविस्मरणीय क्षण था। उन्होंने कहा कि मंच पर सम्मान मिलना उनके जीवन का गर्व का पल है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राजनीतिक संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग रुद्रपुर से उनके लगाव को देखते हुए यहां से चुनाव लड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन वे प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों को अपना क्षेत्र मानते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार पिछली बार की तुलना में अधिक सीटों पर जीत हासिल होगी।