महाशिवरात्रि पर खटीमा पहुंचे सीएम धामी, वनखंडी महादेव मंदिर को लेकर बड़ा ऐलान; वकीलों की दी बड़ी सौगात
खटीमा। पुष्कर सिंह धामी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर अपने गृह क्षेत्र खटीमा के चकरपुर स्थित प्राचीन पांडवकालीन वनखंडी महादेव मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की तथा सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

रविवार सुबह मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर समिति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया और पर्व की बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर आस्था और इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसे भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर को प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजना पर काम चल रहा है।
कर्पूरगौरं करुणावतारं संसारसारं भुजगेन्द्रहारम्।
सदा बसन्तं हृदयारविन्दे भवं भवानी सहितं नमामि।।
भगवान शिव की उपासना को समर्पित महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर वनखंडी महादेव मंदिर चकरपुर (खटीमा) में देवाधिदेव महादेव के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर सम्पूर्ण विधि-विधान… pic.twitter.com/JhGpkanq1j— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनकी इस मंदिर में विशेष आस्था है और वे हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां दर्शन के लिए आते हैं। सीमांत क्षेत्र के सबसे लंबे समय तक चलने वाले मेले का शुभारंभ भी इसी अवसर पर किया जाता है। मुख्यमंत्री के प्रयासों से मंदिर के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है।
Live: सिविल कोर्ट परिसर, खटीमा में अधिवक्ताओं हेतु निर्मित चैंबर्स का उद्घाटन कार्यक्रम https://t.co/E8gz9z4uoZ
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 15, 2026
अधिवक्ताओं को नई सौगात
खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बने नए चैंबर्स का लोकार्पण किया। खटीमा बार एसोसिएशन ने इसके लिए उनका आभार जताया और अतिरिक्त चैंबर्स के निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने चरणबद्ध तरीके से अन्य चैंबर्स के निर्माण का आश्वासन दिया।