देहरादून: प्रदेश में हाल के दिनों में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी दफ्तरों और कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव को अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने को कहा है।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित अन्य मामलों का उल्लेख किया। प्रतिनिधिमंडल ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कार्मिकों के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने डीजीपी को सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अवांछित घटना पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय प्रकरण में शामिल आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सरकार के इन निर्देशों को कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को संस्थागत रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।