चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक भालू स्कूल परिसर में घुस आया और कक्षा छह के छात्र को उठाकर झाड़ियों की ओर ले गया। शिक्षकों और अन्य बच्चों की तत्परता से समय रहते छात्र को बचा लिया गया।

यह घटना जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर की है। जानकारी के अनुसार, कक्षा छह का छात्र आरव स्कूल परिसर में मौजूद था, तभी अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। घटना से स्कूल में अफरातफरी मच गई और बच्चे दहशत में आकर कक्षाओं में छिप गए। बताया जा रहा है कि भालू ने स्कूल का दरवाजा तोड़ने की भी कोशिश की।
अपने सहपाठी को भालू द्वारा उठाए जाते देख कुछ बच्चों और शिक्षकों ने साहस दिखाया और उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को झाड़ियों से बाहर निकाला गया। आरव के शरीर पर भालू के नाखूनों के निशान पाए गए हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्कूल परिसर में भय और तनाव का माहौल है। आरव की हालत और अचानक हुए हमले से बच्चे सहमे हुए हैं और कई बच्चे रोते-बिलखते नजर आए। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले इसी स्कूल के एक अन्य छात्र पर भी रास्ते में भालू ने हमला किया था, जिससे क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता और गहरी हो गई है।