हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के होटल से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। होटल के मैनेजर पर लगभग तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जानकारी के मुताबिक, शिवालिक नगर (टिहरी विस्थापित), गली नंबर छह निवासी सोमिल चौधरी ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर सुरेश राठौर के होटल ‘रानीपुर राजवाड़ा’ में देवेश शर्मा को मैनेजर नियुक्त किया गया था। शुरुआती समय में उसने भरोसा जीत लिया, जिसके बाद उसे होटल के बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
आरोप है कि बीते तीन महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया। इसी दौरान मैनेजर कथित तौर पर करीब तीन लाख रुपये और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना दिए फरार हो गया। यह भी बताया गया है कि वह हाल के महीनों में हरिपुर कलां क्षेत्र में रह रहा था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि संपर्क करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।