बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर गंभीर आरोप: बोले– रूस और CIA से मिली फंडिंग, भारत की नीति तक प्रभावित हुई

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पार्टी पर एक बार फिर बड़ा हमला बोला है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पुराना गोपनीय दस्तावेज साझा करते हुए दावा किया कि कांग्रेस को सोवियत रूस और अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA से फंडिंग मिली थी। दुबे के मुताबिक, यह रिपोर्ट अमेरिका की इंटेलिजेंस एजेंसी CIA ने वर्ष 2011 में सार्वजनिक की थी, जिसमें भारतीय राजनीति में विदेशी दखल का खुलासा किया गया है।
कांग्रेस को रूस से पैसा मिलने का दावा
निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता एचकेएल भगत के नेतृत्व में करीब 150 सांसद सोवियत संघ से आर्थिक मदद लेते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये सांसद रूस के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे? बीजेपी सांसद ने कहा कि उस समय भारत में मीडिया का एक बड़ा वर्ग भी इसमें शामिल था और रूस के कहने पर लगभग 16 हजार लेख प्रकाशित किए गए थे।
रूस की खुफिया गतिविधियों का जिक्र
दुबे ने यह भी दावा किया कि उस दौर में रूस की खुफिया एजेंसियों के करीब 1,100 एजेंट भारत में सक्रिय थे। ये एजेंट नौकरशाही, कारोबारी संगठनों, वामपंथी दलों और राय बनाने वालों को प्रभावित कर भारत की नीतियों को दिशा देते थे।
सुभद्रा जोशी पर विदेशी पैसे लेने का आरोप
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस उम्मीदवार सुभद्रा जोशी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने एक लोकसभा चुनाव में जर्मन सरकार से 5 लाख रुपये लिए थे। हारने के बाद वह इंडो-जर्मन फोरम की अध्यक्ष बनीं। दुबे ने पूछा कि क्या कांग्रेस पार्टी विदेशी ताकतों के इशारों पर चल रही थी?
सोशल मीडिया पर दुबे का आरोप
कांग्रेस,करप्सन और ग़ुलामी
1. यह अवर्गीकृत गुप्त दस्तावेज CIA का 2011 में जारी हुआ
2. इसके अनुसार स्वर्गीय कांग्रेस के बड़े नेता HKL भगत के नेतृत्व में 150 से ज़्यादा कॉंग्रेस के सांसद सोवियत रुस के पैसे पर पलते थे,रुस के लिए दलाली करते थे?
3. पत्रकारों के समूह उनके दलाल थे तथा… pic.twitter.com/ozKx9nPUCe— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) June 30, 2025
अपने पोस्ट में दुबे ने लिखा:
“यह देश था या कांग्रेस जैसी दलालों की कठपुतली संस्था?
रूस से कांग्रेस को फंड मिला, CIA ने खुद अपनी रिपोर्ट में 2011 में इसका जिक्र किया।
हजारों लेख रूसी एजेंसियों के इशारे पर छपे, और भारत की नीतियों पर सीधा असर पड़ा।
क्या अब इस पर जांच नहीं होनी चाहिए?”
रिपोर्ट में क्या था?
दुबे द्वारा साझा की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि सोवियत संघ लंबे समय से भारत की राजनीति को गुप्त रूप से आर्थिक मदद के जरिए प्रभावित करता रहा है। रिपोर्ट में कांग्रेस समेत वामपंथी दलों को फंड मिलने का दावा किया गया है। साथ ही यह भी बताया गया कि हर साल हजारों रूसी नागरिक भारत में व्यापार, मीडिया और संस्कृति के नाम पर आते थे।
कांग्रेस की प्रतिक्रिया अभी बाकी
बीजेपी सांसद के इन आरोपों के बाद अब सभी की नजर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर है। हालांकि अब तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।