रुद्रपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात रुद्रपुर के गाबा चौक पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रमपुरा निवासी बबलू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान काशीपुर–सितारगंज हाईवे पर गल्ला मंडी चौराहे के पास एक डंपर ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल बबलू को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद बबलू के एक दोस्त ने डंपर का पीछा कर उसे गाबा चौक पर रुकवा लिया। जैसे ही युवक की मौत की खबर फैली, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने डंपर में तोड़फोड़ की और चालक को बचाने के आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया और हालात सामान्य हुए। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
सीओ सिटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। चालक और डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटना की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने, दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गाबा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।