बिहार विधानसभा चुनाव 2025: चुनाव आयोग ने की तारीखों की घोषणा, दो चरणों में 6 और 11 नवंबर होंगे मतदान, आचार संहिता लागू

पटना। बिहार में चुनावी इंतजार खत्म हुआ। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। चुनाव इस बार दो चरणों में होंगे — पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी। साथ ही, राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
पहले चरण का चुनाव कार्यक्रम
कार्यक्रम | तिथि |
---|---|
अधिसूचना जारी | 10 अक्टूबर |
नामांकन की अंतिम तिथि | 17 अक्टूबर |
नामांकन पत्र जांच | 18 अक्टूबर |
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि | 20 अक्टूबर |
मतदान की तिथि | 6 नवंबर |
मतगणना | 14 नवंबर |
चुनाव प्रक्रिया पूर्ण | 16 नवंबर |
दूसरे चरण का चुनाव कार्यक्रम
कार्यक्रम | तिथि |
---|---|
अधिसूचना जारी | 13 अक्टूबर |
नामांकन की अंतिम तिथि | 20 अक्टूबर |
नामांकन पत्र जांच | 21 अक्टूबर |
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि | 23 अक्टूबर |
मतदान की तिथि | 11 नवंबर |
मतगणना | 14 नवंबर |
चुनाव प्रक्रिया पूर्ण | 16 नवंबर |
मतदाता विवरण
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.5 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इनमें 14 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। राज्य में 14,000 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। मतदान के लिए 90,712 केंद्र बनाए गए हैं।
मोबाइल फोन जमा कराने की व्यवस्था
सीईसी ने कहा कि इस बार मतदाता मतदान कक्ष के बाहर मोबाइल फोन जमा कर सकेंगे और वोट देने के बाद वापस ले सकेंगे। चुनाव में किसी भी प्रकार की धमकी या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ईवीएम और मतगणना में नई व्यवस्था
निर्वाचन आयोग ने ईवीएम में उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें और बड़ा फॉन्ट लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, डाक मतपत्रों की गिनती ईवीएम के अंतिम दो दौर से पहले करना अनिवार्य होगा।
शिकायत और संपर्क सुविधा
किसी भी मतदाता को शिकायत होने पर वह ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से बीएलओ, ईआरओ या सीईओ (पटना) से संपर्क कर सकता है।
निष्पक्ष और सुचारु चुनाव की तैयारियां
-
प्रति मतदान केंद्र मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 की गई है।
-
सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा।
-
मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध बनाने के लिए विशेष पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया।
-
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए ईवीएम पर रंगीन फोटो सहित 17 नई पहलें लागू।
विधानसभा का कार्यकाल और पिछला चुनाव
बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण चुनाव तीन चरणों में आयोजित हुए थे। इस बार राजनीतिक दलों ने छठ महापर्व के बाद मतदान कराने का अनुरोध किया ताकि प्रवासी मजदूरों सहित अधिकतम मतदाता भागीदारी सुनिश्चित हो सके।