विकासनगर (देहरादून)। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बादामवाला इलाके में रहने वाले 20 वर्षीय कानून के छात्र अंश गुप्ता ने आत्महत्या कर ली। अंश ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत का सदमा लगने से अधिवक्ता पिता विवेक गुप्ता को भी हार्ट अटैक आ गया, जिनका इलाज फिलहाल आईसीयू में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, अंश गुप्ता उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी का छात्र था और बीबीए-एलएलबी (पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स) की पढ़ाई कर रहा था। कुछ दिन पहले ही वह थाईलैंड यात्रा से लौटा था। इन दिनों उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह परीक्षा देकर घर पहुंचा था। उस समय पिता घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि मां और छोटी बहन घर में थीं। परिजनों के मुताबिक, अंश सामान्य और शांत था तथा उसने परिवार के सदस्यों से सामान्य बातचीत की थी।
दोपहर का भोजन करने के बाद अंश अपने कमरे में चला गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी मां को योग क्लास छोड़ने गया। इसके बाद बहन भी अपने काम से बाहर चली गई। जब मां योग क्लास से वापस लौटीं तो उन्होंने घर का गेट खुला देखा। बेटे के कमरे में पहुंचकर दरवाजा खोला तो अंश फर्श पर पड़ा मिला, उसका सिर खून से सना हुआ था और पास में ही पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर पड़ी थी।
परिजन तुरंत घायल अंश को उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही अधिवक्ता पिता विवेक गुप्ता को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में जारी है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां और 14 वर्षीय बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि छात्र की मौत गोली लगने से हुई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।