देहरादून। उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में दो कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पीड़ित युवक कश्मीर से आए हुए थे और फेरी लगाकर शॉल व कपड़े बेचने का काम कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक विकासनगर बाजार के डाकपत्थर रोड स्थित एक जनरल स्टोर पर सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान दुकान मालिक और युवकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ धार्मिक टिप्पणियां की गईं और विरोध करने पर उन पर हमला कर दिया गया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान हैं, जबकि एक युवक के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट आई है। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे देहरादून के दून अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर जमा हो गए। मुस्लिम समाज के लोगों ने चौकी का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और उत्पीड़न बंद करने के नारे लगाए। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि पीड़ित दानिश, निवासी करलपुर (जम्मू-कश्मीर), की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
पीड़ित युवकों के परिजनों का कहना है कि वे हर साल सर्दियों के मौसम में उत्तराखंड आकर कश्मीरी कपड़े बेचने का काम करते हैं और इस बार पहली बार ऐसी घटना का सामना करना पड़ा है।
इस मामले पर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता नासिर खुएहामी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद गंभीर घटना बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिसंबर 2025 में उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक कश्मीरी शॉल विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आ चुका है, जिसमें पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।