बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिला से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर एक मां ने अपनी ही 22 दिन की नवजात बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को कारण बताया जा रहा है। महिला का पति विदेश में नौकरी करता है।

यह मामला बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव का है। पहले नवजात की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में बताई गई थी, लेकिन जब शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत गला दबाने से हुई है, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
मृत बच्ची के दादा केशर सिंह ने ही पोस्टमॉर्टम कराने के बाद थाना बैजनाथ में तहरीर दी। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पारिवारिक कलह सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
अजय साह, पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, ने बताया कि दादा की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से परिवार में शोक और सदमे का माहौल है। गांव के लोग भी इस अमानवीय घटना से स्तब्ध हैं।
गौरतलब है कि मार्च 2025 में हरिद्वार जिला से भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों की हत्या कर दी थी। उस मामले में भी आरोपी ने पहले पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।