रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में बुधवार रात एक प्लास्टिक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। घटना में एक फायरमैन घायल हुआ है, जबकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

फायर विभाग के अनुसार, रात करीब 8:02 बजे 112 के जरिए सूचना मिली कि शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र स्थित एक गोदाम में आग लगी है। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में रुद्रपुर फायर यूनिट तुरंत रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि गोदाम में रखे प्लास्टिक कबाड़ में आग तेजी से फैल रही थी और लपटें ऊंची उठ रही थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों के माध्यम से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग पर तेजी से काबू पाने के लिए रुद्रपुर फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त यूनिट और पंतनगर फायर स्टेशन से भी एक यूनिट को बुलाया गया। तीनों यूनिटों ने संयुक्त अभियान चलाकर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया।

अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक गया, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उधर, बीती रात देहरादून के लक्ष्मण चौक स्थित एक फर्नीचर वर्कशॉप में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी, जहां दमकल और पुलिस की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।