
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली और आसपास के क्षेत्रों में हाल ही में आई आपदा से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि सरकार उद्यान विभाग के माध्यम से धराली और आसपास के क्षेत्रों के सेब उत्पादकों से रॉयल डिलीशियस सेब 51 रुपये प्रति किलोग्राम तथा रेड डिलीशियस और अन्य सेब 45 रुपये प्रति किलोग्राम (ग्रेड-सी को छोड़कर) की दर से खरीद करेगी। इसके लिए धनराशि की व्यवस्था मुख्यमंत्री घोषणा मद से की जाएगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कृषक कल्याण विभाग के सचिव को तुरंत कार्रवाई शुरू करने और वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति का शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हर्षिल घाटी का सेब अपनी गुणवत्ता के लिए विश्वभर में पहचान रखता है। हाल की आपदा ने यहां के सेब काश्तकारों को गहरा नुकसान पहुंचाया है। किसानों की लगातार उठ रही मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने रॉयल डिलीशियस सेब का एमएसपी 51 रुपये/किग्रा और रेड डिलीशियस सेब का एमएसपी 45 रुपये/किग्रा तय किया है। यह कदम आपदा प्रभावित किसानों को सीधी राहत प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और प्राकृतिक आपदाओं के कारण औद्यानिक व कृषि फसलों को भारी क्षति हुई है। 12,549.52 हेक्टेयर क्षेत्रफल की औद्यानिक फसलें प्रभावित हुई हैं, जिनमें 5,054.65 हेक्टेयर क्षेत्रफल पर 33% से अधिक नुकसान दर्ज किया गया है। इसमें 1,454.99 हेक्टेयर सिंचित और 3,600.66 हेक्टेयर असिंचित क्षेत्र शामिल हैं। इसी प्रकार, कृषि क्षेत्र की 136.50 हेक्टेयर जमीन को भी 33% से अधिक क्षति हुई है। इस आपदा से कुल 6,873 किसान प्रभावित हुए हैं।