देहरादून: राजधानी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए की एक छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक छात्रा मूल रूप से खटीमा, जिला ऊधमसिंहनगर की निवासी थी और देहरादून के सुभाषनगर स्थित एक विश्वविद्यालय से बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने ही क्षेत्र के एक युवक के साथ देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। युवक उसी विश्वविद्यालय से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई पूरी कर चुका है। दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे, लेकिन उन्होंने अपने संबंध की जानकारी परिजनों को नहीं दी थी।
जांच में सामने आया है कि छात्रा गर्भवती थी और कुछ दिन पहले आठ महीने में सिजेरियन के जरिए उसकी प्री-मेच्योर डिलीवरी हुई थी। नवजात शिशु की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। रविवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी को देखते हुए पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही खटीमा से परिजन देहरादून पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा और युवक ने लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पोर्टल पर कोई पंजीकरण नहीं कराया था। साथ ही परिजनों को भी उनके साथ रहने की जानकारी नहीं थी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।