अल्मोड़ा: फ्लाइंग व्हीकल का प्रोटोटाइप तैयार करने वाले अल्मोड़ा के युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान अजय टम्टा ने रवि के फ्लाइंग व्हीकल प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उनके प्रयास की सराहना की।

रवि टम्टा ने केंद्रीय मंत्री को अपने तैयार किए गए प्रोटोटाइप की कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं और अब तक किए गए परीक्षणों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अजय टम्टा ने प्रोजेक्ट को लेकर रवि से विस्तार से बातचीत की और फ्लाइंग व्हीकल की टेस्टिंग के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अजय टम्टा ने की रवि के प्रयास की सराहना
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि रवि टम्टा का इनोवेशन देश की युवा प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य से निकलकर युवाओं का तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में नए प्रयोग करना उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में रवि जैसे युवाओं के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलना जरूरी है।
अजय टम्टा ने रवि को उनके फ्लाइंग व्हीकल की टेस्टिंग और आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए अगर किसी तरह की मदद की जरूरत होगी तो हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उत्तराखंड में तैयार हुआ ‘Flying’ Vehicle, सड़क छोड़ अब आसमान से घर पहुंचाएगी कार, जानिए कैसे @pushkardhami @ukcmo @DmAlmora @DmNainital
खबर के लिए क्लिक करेंhttps://t.co/cC3pJe4D5Y pic.twitter.com/5AK7HBXCDy— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) August 7, 2026
फ्लाइंग कार के प्रोटोटाइप को लेकर चर्चा में हैं रवि
अल्मोड़ा निवासी रवि टम्टा अपने फ्लाइंग कार यानी उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। रवि ने इस प्रोटोटाइप को तैयार करने के साथ इसके सफल परीक्षण का दावा किया है। उनके इस प्रयोग की चर्चा अब स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक स्तर पर हो रही है।
रवि का कहना है कि उनका लक्ष्य आधुनिक तकनीक की मदद से ऐसा फ्लाइंग व्हीकल विकसित करना है, जो भविष्य में परिवहन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का रास्ता खोल सके।

मंत्री के भरोसे से बढ़ा रवि का उत्साह
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात और उनके प्रोत्साहन के बाद रवि टम्टा के प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह बढ़ा है। अब उनका लक्ष्य फ्लाइंग व्हीकल के प्रोटोटाइप को और बेहतर बनाना, इसकी तकनीकी क्षमता को विकसित करना और आगे के परीक्षणों पर काम करना है।
रवि टम्टा का यह प्रयोग उत्तराखंड के युवाओं में तकनीकी इनोवेशन और नए प्रयोगों के बढ़ते रुझान को भी दर्शाता है।