देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में बीएसएफ के एक जवान पर महिला को कथित रूप से जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी जवान के भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने की बात सामने आई है। उसे गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति की शिकायत पर डोईवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, आरोपी जवान की पत्नी ने सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन साझा करते हुए बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है और स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
मौके पर कमरे के भीतर 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई।
आरोपी का दून अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस ने घायल जवान को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल ऐसी नहीं है कि उसका बयान दर्ज किया जा सके। पुलिस ने बताया कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध की पुष्टि के संकेत
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बीएसएफ जवान और महिला के बीच लंबे समय से परिचय और प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि जवान छुट्टी पर घर आया हुआ था और पिछले दो दिनों से महिला के साथ उक्त होमस्टे में ठहरा हुआ था।
वहीं, मृतका के पति ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। उनका दावा है कि आपसी विवाद के दौरान आरोपी ने महिला को कथित रूप से जहर देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने क्या कहा?
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।