गोपेश्वर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में चमोली जनपद के लिए 155.36 करोड़ रुपये की लागत वाली 63 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत से 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास और 41.37 करोड़ रुपये की लागत से 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया।

विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
36 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 113.99 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क संपर्क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
27 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 41.37 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 27 विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें प्रमुख रूप से—
- गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण
- सेमी-मासों मोटर मार्ग का निर्माण
- हापला-गुड़म-नैल-नौली मोटर मार्ग
- नंदासैंण-मालई मोटर मार्ग का डामरीकरण
- बीपीएचयू पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में डीआईपीएचएल भवन
- विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष तथा विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण
- बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी
- गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो कोर्ट वाला बैडमिंटन हॉल
- कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज
- पाण्डुकेश्वर बहुउद्देशीय सहकारी समिति भवन
- तेफना-कण्डारा, कुलसारी-गैरवारम तथा लोल्टी-मालबज्वाड़-पास्तोली मोटर मार्गों का उन्नयन
इन परियोजनाओं से जनपद में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन, मत्स्य पालन और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप रावत, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, राज्य मंत्री हरक सिंह, रामचंद्र गौड़, बलवीर घुनियाल, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।