बाजपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर स्थित केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम शोकानगला में घर में अकेली रह रही एक बुजुर्ग महिला के मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर देर रात खिड़की की लोहे की ग्रिल तोड़कर घर में घुस गए और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम शोकानगला निवासी परमजीत कौर, पत्नी स्वर्गीय प्रीतपाल सिंह, 14 जुलाई 2026 की रात घर में अकेली थीं। उनका बेटा और पुत्रवधू इंग्लैंड में रहते हैं। पीड़िता के मुताबिक, रात करीब दो बजे अज्ञात बदमाश घर के पीछे लगी लोहे की ग्रिल और खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सोने के जेवर, नकदी और सूटकेस ले गए
पीड़िता के अनुसार, चोर लगभग तीन तोला सोने के आभूषण, जिनमें एक जोड़ी झुमके और पांच सोने की अंगूठियां शामिल हैं, 35 हजार रुपये की नकदी तथा दो सूटकेस चोरी कर ले गए। सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तहरीर में चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बताया गया कि पीड़िता का बेटा अंग्रेज सिंह अपनी पत्नी के साथ इंग्लैंड में रहता है। मां की सुरक्षा के लिए घर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनका एक्सेस उसके पास विदेश में है। पुलिस परिवार के संपर्क में रहकर कैमरों की फुटेज जुटाने का प्रयास कर रही है।
इसके अलावा फोरेंसिक टीम की सहायता लेने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस हाल के दिनों में घर में काम करने वाले लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है।
सीधे उसी कमरे में पहुंचे, जहां रखे थे जेवर
जांच में पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से देख रही है कि चोर सीधे उसी कमरे में पहुंचे, जहां जेवरात और नकदी रखी हुई थी। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला की देखभाल के लिए घर में रहने वाली एक महिला कर्मचारी घटना से पहले अपने घर चली गई थी। पुलिस इस संबंध में भी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
नशीला पदार्थ दिए जाने की आशंका, पुष्टि नहीं
परिजनों का कहना है कि परमजीत कौर रोजाना सुबह करीब चार बजे उठ जाती हैं, लेकिन घटना वाले दिन उनकी आंख लगभग सात बजे खुली और उन्हें शरीर में असामान्य थकान महसूस हुई। इसी आधार पर परिजन आशंका जता रहे हैं कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया हो सकता है।
हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा।