सितारगंज। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नगर पालिका परिषद सितारगंज के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

नगर पालिका परिषद के विभिन्न वार्डों में कुल 52 विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों का निर्माण, टाइल्स मार्ग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और आवागमन के साथ-साथ दैनिक जीवन भी अधिक सुविधाजनक बनेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाकर लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है और इसी उद्देश्य के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से सितारगंज के शहरी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद सितारगंज के अध्यक्ष सुखदेव सिंह, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।