Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने उत्तराखंड में चल रहे नकली दवा निर्माण और सप्लाई के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। टीम ने रुड़की और देवबंद में छापेमारी कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में अब तक कुल 16 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

1 जून 2025 को संतोष कुमार को प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना सेलाकुई, देहरादून में मुकदमा दर्ज हुआ, जिसकी जांच बाद में एसटीएफ को सौंप दी गई।
जांच में सामने आया कि पहले गिरफ्तार आरोपी नवीन बंसल उर्फ अक्षय (निवासी भिवाड़ी, राजस्थान) ने नरेश धीमान, लोकेश गुलाटी और मोहतरम अली से नकली ब्रांडेड दवाएं खरीदकर बाजार में बेचीं। एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान 263 किलोग्राम पैरासिटामोल, 2490 किलोग्राम जिंक पाउडर, 5000 पैरासिटामोल टैबलेट और 16,200 ऑक्साल्जिन-डीपी टैबलेट बरामद की गईं। उत्तराखंड राजकीय लैब की जांच में दवाओं के नमूने और पैकेजिंग सामग्री नकली पाई गई।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि नकली दवाओं के इस नेटवर्क की पूरी कुंडली तैयार की जा रही है और जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि आरोपी लोकेश गुलाटी के खिलाफ थाना गंगनहर, हरिद्वार में भी संबंधित मुकदमा दर्ज है।
एसटीएफ अन्य राज्यों से भी सूचनाएं एकत्र कर गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में काम कर रही है।