Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट वितरण पर स्पष्ट रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी टिकट उसी उम्मीदवार को दिया जाएगा, जो चुनाव जीतने की क्षमता रखता हो। टिकट को लेकर चल रही चर्चाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर अपना टिकट फाइनल बता रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि “टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।”

डॉ. हरक सिंह रावत का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि हर कोई यह दावा कर रहा है कि उसका टिकट पक्का है, लेकिन यह कैसे तय हो गया, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत ही होगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है और उनके पास टिकट के लिए लगातार सिफारिशें आ रही हैं। इसके बावजूद उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे कोई कितना ही बड़ा नेता या किसी वरिष्ठ का करीबी क्यों न हो, टिकट केवल उसी को मिलेगा, जो पार्टी को जीत दिला सके।
डॉ. रावत ने कहा कि वह खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही मानते हैं। “जिस सीट से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा, वहां से मैं खुद मैदान में उतरूंगा। जरूरत पड़ी तो चुनाव न लड़कर पार्टी के लिए दरी बिछाऊंगा और नारे भी लगाऊंगा,” उन्होंने कहा।
नारों को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल के समर्थन में नारे लगाना पार्टी के समर्थन के बराबर है। वहीं, ज्योति रौतेला के लिए नारे लगाने को उन्होंने महिलाओं के समर्थन और महिला सशक्तीकरण से जोड़कर बताया।