चमोली: राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का गोपेश्वर में “सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26” के शुभारंभ के दौरान कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। प्रदर्शन का केंद्र अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा और अन्य स्थानीय मुद्दे थे।

कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले का विरोध करते हुए नारेबाजी की। विरोध के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है और भ्रष्टाचार बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने विशेष रूप से अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम के खुलासे न होने पर नाराजगी जताई। प्रशासन ने मौके पर तुरंत कार्रवाई कर स्थिति को शांत किया और किसी बड़े टकराव को रोक लिया।
सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उनकी प्रतिभा निखारने का काम करती हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले उत्तरकाशी में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के काफिले को रोककर काले झंडे दिखाए थे। प्रशासन और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति नियंत्रित की और मंत्री के काफिले को सुरक्षित रवाना कराया।