देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों से आए किसानों से बातचीत की और उत्तराखंड के प्रसिद्ध माल्टा व नींबू उत्पादों का स्वाद चखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां माल्टा उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल हैं। इन्हीं संभावनाओं को साकार करने के उद्देश्य से राज्य सरकार माल्टा मिशन शुरू करने जा रही है। इस मिशन के तहत माल्टा के उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों की आमदनी बढ़ेगी और स्थानीय फलों को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
सीएम धामी ने बताया कि सरकार माल्टा के साथ-साथ कीवी, सेब, आड़ू, प्लम, नींबू प्रजाति सहित अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से किसानों को सीधे बाजार और उपभोक्ताओं से जोड़ने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने माल्टा महोत्सव को राज्य में कृषि एवं बागवानी को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताते हुए आयोजकों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।