नैनीताल में बहुप्रतीक्षित विंटर कार्निवाल का मंगलवार रात भव्य शुभारंभ हुआ। करीब सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद लौटे इस आयोजन ने शहर को एक बार फिर उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया। स्टार नाइट में बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल और पंजाबी स्टार परमिश वर्मा की दमदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं का जोश इस कदर बढ़ा कि कुछ देर के लिए आयोजन स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई।

विंटर कार्निवाल का आगाज सरस्वती वंदना और कुमाऊं की प्रसिद्ध लोककथा ‘राजुला मालूशाही’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट और विशिष्ट अतिथि विधायक सरिता आर्या मौजूद रहीं। मंच संचालन हेमंत बिष्ट, नवीन पांडे, मीनाक्षी और कीर्ति ने किया।

स्टार नाइट में गायिका वैशाली ने माही वे, आज की रात मजा हुस्न का, मैं तेरी दिल्लगी और अभी तो पार्टी शुरू हुई है जैसे लोकप्रिय गीतों से माहौल को जोश से भर दिया। वहीं मिश्रा ने तू जो छू ले प्यार से जैसे गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद मंच पर आईं बॉलीवुड सिंगर चारू सेमवाल ने कजरा मोहब्बत वाला, लगा जा गले, रात बाकी बात बाकी, तम्मा तम्मा, बीड़ी जलइले सहित कई सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर पर्यटक और स्थानीय लोग जमकर झूमते नजर आए।

पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा के मंच पर आते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। उन्होंने जाट कर, तेरी या गद्दियां, गाल नी कडनी, सारे आम गल्ला और बदनाम नाम जाट जैसे हिट गानों से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विंटर कार्निवाल का आयोजन किया गया है। विधायक सरिता आर्या ने जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना की। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि कोरोना काल के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस आयोजन को दोबारा शुरू किया गया है और नैनीताल का मौसम इसके लिए अनुकूल है।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस कार्निवाल के माध्यम से कुमाऊंनी संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ‘आओ घाम तापो’ अभियान से जुड़ा बताया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में परमिश वर्मा के मेन शो के दौरान स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, जब बड़ी संख्या में युवा दर्शक बैरिकेडिंग तोड़कर मंच के सामने पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख खुद परमिश वर्मा ने मंच से शांति बनाए रखने की अपील की। इसके बाद सीओ और एडीएम विवेक राय की मौजूदगी में प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।