उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के बालगंगा तहसील क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक पर उसकी मां, भाभी और बड़े भाई ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि धारदार हथियारों से किए गए इस हमले में युवक के दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद संक्रमण फैलने पर डॉक्टरों को उसके दोनों हाथ काटने पड़े।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अंग्रेज सिंह (पुत्र स्व. गजे सिंह) का अपने परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसकी मां जेठी देवी और भाभी अंजलि देवी ने बड़े भाई पूरब सिंह को मुंबई से गांव बुलाया। पीड़ित का आरोप है कि 20 दिसंबर की देर रात, गांव पहुंचते ही तीनों ने मिलकर उस पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में अंग्रेज सिंह के दोनों हाथों पर गंभीर वार किए गए, जिससे उसकी हड्डियां बाहर निकल आईं। इसके अलावा उसके गले पर भी चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल अंग्रेज सिंह शनिवार सुबह से दोपहर तक गांव में ही दर्द से कराहता रहा। बाद में बड़ा भाई पूरब सिंह ही उसे 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया।
श्रीनगर बेस अस्पताल में इलाज के दौरान अत्यधिक चोट और संक्रमण फैलने के कारण डॉक्टरों को अंग्रेज सिंह के दोनों हाथ काटने पड़े। सोमवार को वह किसी तरह गांव लौटा और मंगलवार को चमियाला पुलिस चौकी में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद घनसाली थाने में बड़े भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घनसाली थाने के एसएचओ अजय सिंह जाटव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।