हल्द्वानी में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त अभियान चलाया। आईटीआई रोड और कार्यशाला रोड के किनारे लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का बुलडोजर चला, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी कई कच्ची और पक्की दुकानों को ध्वस्त किया गया, जबकि अवैध रूप से लगाए गए ठेले और रेहड़ियों को नगर निगम की टीम ने कब्जे में ले लिया। प्रशासन का कहना है कि आईटीआई क्षेत्र के पास कुछ दुकानों में अवैध रूप से शराब परोसे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके चलते कार्रवाई और भी सख्त की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले कई बार नोटिस और चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। निर्देशों की अनदेखी पर ध्वस्तीकरण और जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर मौजूद नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने साफ शब्दों में कहा कि शहर में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को सुगम यातायात और सुरक्षित माहौल मिल सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने दोबारा सड़क किनारे कब्जा कर लिया था।
रामनगर में भी चला था प्रशासन का डंडा:
गौरतलब है कि हाल ही में नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में भी वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई थी। ग्राम पूछड़ी इलाके में पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को खाली कराया था। इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया था और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, लेकिन प्रशासन ने कानून के तहत कार्रवाई जारी रखी।