सऊदी अरब में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई गोलीबारी की चपेट में आकर झारखंड के गिरिडीह जिले के रहने वाले 27 वर्षीय इंजीनियर विजय कुमार महतो की मौत हो गई। विजय वहां ह्युंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे।

यह दर्दनाक घटना 15 अक्टूबर को जेद्दाह में हुई, जब विजय अपने वर्कसाइट के पास टहल रहे थे। इसी दौरान पुलिस और स्थानीय एक्सटॉर्शन गैंग के बीच फायरिंग शुरू हो गई और विजय को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल विजय ने पत्नी को वॉइस नोट भेजते हुए मदद की गुहार लगाई थी।
विजय झारखंड के डुमरी प्रखंड के दुधापानिया गांव के निवासी थे और एक साल पहले ट्रांसमिशन लाइन प्रोजेक्ट पर काम करने सऊदी अरब गए थे। घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार को उनकी मौत की जानकारी 24 अक्टूबर को मिली।
परिजनों ने बताया कि विजय के दो छोटे बेटे हैं — एक 5 वर्ष का और दूसरा 3 वर्ष का। उनके माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। झारखंड श्रम विभाग की प्रवासी नियंत्रण शाखा प्रमुख शिखा लक्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर से उनका शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की कि यह घटना जेद्दाह में हुई थी। फिलहाल शव मक्का के जुमुम स्थित पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ऑफिस की कस्टडी में है। जांच पूरी होने और पुलिस से क्लियरेंस मिलने के बाद ही शव भारत भेजा जाएगा।
वहीं, मृतक के परिवार ने कहा है कि जब तक कंपनी उचित मुआवजा देने पर सहमति नहीं जताती, वे शव लाने की औपचारिकताएं पूरी नहीं करेंगे। परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से न्याय और मुआवजे की मांग की है।