मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा से सटे बनबसा क्षेत्र में प्रस्तावित लैंडपोर्ट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि बनबसा के गुदमी क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह लैंडपोर्ट भारत और नेपाल के बीच आर्थिक व सामाजिक संबंधों को नई मजबूती देगा। उन्होंने इसे सीमा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह परियोजना दोनों देशों के बीच व्यापार और आवागमन को सुगम बनाएगी।