Udham Singh Nagar News, Kichha News, Pantnagar News, Haldwani News, Rudrapur News
देहरादून। खुद को आरबीआई और आयकर विभाग का अधिकारी बताकर टिहरी जिले के एक व्यक्ति से 24 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को सीबीसीआईडी ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी को टिहरी कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मामला 7 जुलाई 2021 का है, जब थाना हिंडोलाखाल निवासी सोहनलाल रतूड़ी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों ने फोन पर संपर्क कर ढाई करोड़ रुपये की लॉटरी लगने का झांसा दिया। इसके बाद टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर किस्तों में कुल 24 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर करवा लिए गए।
मुकदमा थाना हिंडोलाखाल, जिला टिहरी गढ़वाल में दर्ज हुआ और जांच सीबीसीआईडी देहरादून सेक्टर को सौंप दी गई। विवेचक भारत सिंह ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की विस्तृत पड़ताल की। 11 फरवरी 2026 को टीम को बिहार और पश्चिम बंगाल में दबिश के लिए रवाना किया गया।
जांच के दौरान 13 फरवरी को मुख्य आरोपी अभय कुमार सिंह को बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। बैंक खातों की जांच में ठगी से जुड़े 4 लाख 10 हजार रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई। 16 फरवरी को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
इस मामले में उसके तीन अन्य साथी—गुंजन कुमार, नितेश कुमार झा और धनंजय यादव—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीसीआईडी के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है और आगे की जांच जारी है।