
देहरादून में विजिलेंस डायरेक्टर वी. मुरुगेशन ने बताया कि अप्रैल 2022 से सितंबर 2025 के बीच भ्रष्टाचार निवारण हेल्पलाइन 1064 पर कुल 9,424 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से 1,421 शिकायतें विजिलेंस एंगल की थीं, जिन पर जांच और कार्रवाई की गई।
अब तक 79 ट्रैप मामलों में 92 कर्मचारी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए, जिनमें 13 राजपत्रित अधिकारी और 79 गैर-राजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा, अनियमितताओं से जुड़े अन्य प्रकरणों में 24 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
कुल मिलाकर पिछले तीन साल में 116 लोग जेल भेजे गए, जिनमें 20 गजेटेड ऑफिसर भी शामिल हैं। अदालत में ले जाए गए 37 मामलों में से 28 में दोष सिद्ध होने पर सजा सुनाई जा चुकी है।
शिकायतें मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, पंचायती राज, शिक्षा, विद्युत, परिवहन, कर, वन और शहरी विकास विभागों से जुड़ी रहीं। हेल्पलाइन पर रिश्वत की शिकायत मिलते ही विजिलेंस की ओर से तत्काल ट्रैप कार्रवाई की जाती है।
विजिलेंस डायरेक्टर ने कहा कि हेल्पलाइन 1064 की वजह से भ्रष्टाचार पर काफी हद तक नियंत्रण हुआ है और विभाग की कार्रवाई का सक्सेस रेट 71% दर्ज किया गया है।